Thursday, June 8, 2023
Homeउत्तराखंडविजय सम्मान रैली से कांग्रेस नेता उत्साह में, चौबट्टाखाल से कांग्रेस लहराएगी...

विजय सम्मान रैली से कांग्रेस नेता उत्साह में, चौबट्टाखाल से कांग्रेस लहराएगी जीत का परचम: केशर सिंह

पहाड़ न्यूज, देहरादून: गुरुवार को वर्ष 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की जीत के 50 साल पूरे होने के मौके पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने परेड ग्राउंड में विजय सम्मान रैली का आयोजन किया।  देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में आयोजित यह विजय सम्मान रैली यूं तो कई मायनों में बेहद सफल और ऐतिहासिक रही। खासकर उत्तराखंड कांग्रेस और उसके शीर्ष नेताओं के कुशल चुनाव प्रबंधन और तैयारियों के चलते यहां बेतहाशा भीड़ नजर आई। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश नेताओं की एकजुटता को नजरअंदाज नहीं किया जा सका।  प्रदेश के दूरदराज गांवों से लेकर परेड ग्राउंड तक हर तैयारी को पूरी तरह चाक-चौबंद किया गया था। इसी का नतीजा है कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से करीब 3 गुना भीड़ इस बार देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में नजर आई। ऐसे में विजय सम्मान रैली के सफल आयोजन को लेकर कांग्रेस नेताओं के उत्साहित उत्साहित होना लाजमी है। यहां  प्रदेश के दूरदराज पर्वतीय क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सुनने को पहुंचे।

इस रैली के आयोजन को लेकर वरिष्ठ नेता और प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष केशर सिंह नेगी से बातचीत करने पर पता चला कि प्रदेश के तमाम जिलों के अलावा उनके गृह जनपद पौड़ी की तमाम विधानसभा सीटों से बड़ी संख्या में गांव गांव से कांग्रेस जन एकत्र हो कर देहरादून परेड ग्राउंड रैली स्थल आए।

बता दें कि इसलिए रैली में भीड़ जुटाने को लेकर उनके कंधों पर भी बड़ी जिम्मेदारी पार्टी नेतृत्व ने सौंपी थी। पीसीसी में उपाध्यक्ष के अलावा कई अहम जिम्मेदारियां निभाने वाले केशर सिंह नेगी चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र चुनाव लड़ने की तैयारियां लंबे वक्त से कर रहे हैं। इस रैली में जान फूंकने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की। प्रदेश उपाध्यक्ष ने बताया  कि करीब एक हजार से ज्यादा लोग उनके साथ देहरादून परेड ग्राउंड रैली स्थल आए। सब ने बड़े ही इत्मीनान से पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष की एक-एक बात को गंभीरता से सुना।

उन्होंने बताया कि लंबे समय से इस रैली को लेकर तैयारियां चल रही थी जिसकी चर्चा पार्टी के सिर से लेकर रूट लेवल के कार्यकर्ताओं के बीच हो रही थी। ऐसे में स्वाभाविक ही था कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और युवा नेता राहुल गांधी को सुनने को लेकर कांग्रेस जनों में बेहद उत्साह देखने और उनकी इच्छा को समझा गया और कार्यकर्ताओं की इच्छाओं आकांक्षाओं और राहुल गांधी को सुनने की उत्सुकता को देखकर उन्हें देहरादून स्थित परेड ग्राउंड रैली स्थल तक लाने के लिए हर संभव प्रयास किए गए। जिसमें ब्लॉक स्तर पर पार्टी संगठन से लेकर सामान्य कांग्रेस जनों ने अपनी तरफ से कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने बताया जिले भर की तमाम विधानसभा सीटों के अलावा चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग रैली स्थल पहुंचे और प्रदेश के तमाम शीर्ष नेताओं के अलावा राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के भाषणों को बेहद गंभीरता से सुना। क्षेत्र से आए हुए लोग रैली में अंत तक बैठे रहे।

नेगी ने बताया कि जनता और कांग्रेसियों के उत्साह को देखकर साफ हो गया है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस उत्तराखंड में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। प्रदेश में बदलाव की बयार बह रही है। स्थानीय जनता, महंगाई बेरोजगारी प्रदेश और केंद्र सरकार की विचार शून्य नीतियों से आजिज आ चुकी है। जनहित के बजाय जनविरोधी कानून आम लोगों पर थोपे  जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब लाचार और बेरोजगार आज अपने आप को छला हुआ महसूस कर रहा है। उसे शिवाय बदलाव के दूर दूर तक उम्मीद की कोई किरण नजर नहीं आ रही है। लोगों की आमदनी घट रही है और खर्चे बढ़ रहे हैं। महंगाई ने कमर तोड़ कर रख दी है। लोगों को सामान्य तौर पर भी जनजीवन चलाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के विचारों को पार्टी कार्यकर्ता और उन्हें रैली स्थल पर सुनने आए तमाम आम लोग, अब घर-घर गांव-गांव जाकर सत्ता में काबिज भारतीय जनता पार्टी की जन विरोधी कार्य प्रणाली को जन जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके नेता ने उत्तराखंड की जनता को पूर्ण रूप से भरोसा दिया है कि अगर कांग्रेस उत्तराखंड में सत्ता में काबिज होती है, तो लोगों को महंगाई और बेरोजगारी से निजात दिलाने की भरपूर कोशिश की जाएगी। अंत में उन्होंने चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र की जनता का विजय सम्मान रैली को सफल बनाने में देहरादून पहुंचने को लेकर आभार व्यक्त किया है।

गौरतलब है कि केशर सिंह नेगी चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र से अपनी उम्मीदवारी की पेशकश पहले ही कर चुके हैं। इस बीच लंबे समय से वे इस विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय बने हुए हैं। पार्टी के तमाम कार्यक्रमों में शिरकत कर कांग्रेसियों के बीच पहुंचकर पार्टी उम्मीदवार की जीत के लिए हर मुमकिन कोशिश में लगे हैं।

राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित विजय सम्मान रैली में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटाने में उन्होंने बहुत मेहनत की। लेकिन अब देखना यह होगा कि नेगी की उम्मीदवारी पर पार्टी उन पर कितना भरोसा करती है ? क्योंकि यहां कई अन्य कांग्रेसी भी टिकट पाने की चाहत में कतार में खड़े हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular